तेज खबर न्यूज़ कटनी,:-- नगर के मुख्य मार्गो के किनारे से अनाधिकृत अस्थाई अतिक्रमणों को हटाकर सार्वजनिक आवागमन को व्यवस्थित करने तथा नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मुहैया कराने के उद्देश्य से अतिक्रमण विभाग की गठित अलग-अलग टीमों द्वारा बुधवार को नगर के विभिन्न स्थलों पर वृहद स्तर पर कार्यवाही की गई।
निगम की गठित टीम द्वारा अभियान पूर्व नगर के विभिन्न मार्गो में भ्रमण कर सर्वजनिक मार्ग के किनारे अनाधिकृत रूप से सामग्री रख आवागमन को बाधित नहीं करनें की अपील मुनादी के माध्यम से की गई। तदोपरांत मुख्य मार्गो के सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से अतिक्रमण कर व्यवसाय करनें वाले सब्जी व्यवसाईयों एवं ठेला संचालकों को जिला चिकित्सालय के सामने स्थित हाकर्स जोन भेजनें तथा नहीं मानने पर स्पाट फाईन भी किया गया। कार्यवाही के दौरान गोल बाजार, झंडा बाजार सहित अन्य बाजार क्षेत्रों की सार्वजनिक मार्गो में दुकान सामग्री रखकर व्यवसाय करने वालों की सामग्री को भी दुकान के अंदर करवाते हुए नहीं मानने पर सामग्री जब्ती की कार्यवाही की गई।
इन मार्गो मे हुई कार्यवाही
अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह ने बताया कि सुगम आवागमन के मद्देनजर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देशन में अतिक्रमण हटानें की कार्यवाही हेतु गठित की गई टीमों के द्वारा माधवनगर, बरगवां, हाउसिंग बोर्ड, बस स्टैंड, गर्ग चौराहा आदर्श काॅलोनी, झंडा बाजार, गोल बाजार, स्टेशन रोड, बरही रोड, दुर्गा चौक, मुडवारा स्टेशन मार्ग, स्टेट बैंक तिराहा मिशन चौक, सुभाष चौक एवं स्टेशन रोड़ में व्यापक रूप से अभियान चलाकर मुख्य मार्गो से अतिक्रमण हटानें की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान यातायात व्यवस्था में काफी हद तक सुधार परिलक्षित हुआ।
सामग्री जब्त कर लगाया 8500 रूपये का जुर्माना
अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही के पूर्व गठित टीमों द्वारा अपनें अपनें क्षेत्र में भ्रमण कर मुख्य मार्गो में सामग्री रखकर व्यवसाय नहीं करने की मुनादी कराई जाकर कार्यवाही को अंजाम दिया गया। इस दौरान 26 लोगों पर सामग्री जब्ती की कार्यवाही की जाकर 8 हजार 500 रुपये का जुर्माना भी अधिरोपित किया गया। निगम प्रशासन ने आम जनों से सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण न करने की अपील करते हुए स्पष्ट किया है कि नगर की सुगम यातायात व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा आगामी दिनों में भी अतिक्रमण अभियान निरंतर रूप से जारी रहेगा।
कार्यवाही के दौरान पुलिस विभाग, यातायात विभाग के कर्मचारियों सहित अतिक्रमण प्रभारी मानेन्द्र सिंह सहित टीम के सदस्य अब्दुल नसीम, अजय,राजेश, रंजीत,धमेन्द्र सहित अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी रही।





No comments:
Post a Comment