तेज खबर न्यूज़ कटनी :- माधवनगर थाना क्षेत्र के एनएच-30 हाईवे पर खड़े ट्रक से डीजल चोरी की घटना का झिंझरी पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 225 लीटर डीजल, डीजल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद कर जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 25-26 अगस्त की दरमियानी रात ट्रेलर ट्रक क्रमांक RJ 32 GD 5722 जायसवाल ढाबा, पिपरौंध के सामने खड़ा था। चालक सुरेश कुमार खरोल ट्रक में सो रहे थे। सुबह करीब 5 बजे उठने पर उन्हें ट्रक की डीजल टंकी का ढक्कन टूटा मिला और डीजल चोरी होने की जानकारी सामने आई। चालक ने रात में ट्रक के आसपास सफेद रंग की स्विफ्ट डिज़ायर कार घूमते हुए देखी थी, जिसका नंबर MP 21 से शुरू होना बताया गया।
मामले में थाना माधवनगर में अपराध क्रमांक 868/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए झिंझरी पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और साइबर सेल कटनी से तकनीकी सहयोग लिया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर संदिग्ध स्विफ्ट डिज़ायर कार क्रमांक MP 21 CA 6181 आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन, निवासी ग्राम पिपरौंध के लखापतेरी स्थित गोदाम में खड़ी मिली।गोदाम की तलाशी के दौरान पुलिस ने 9 डिब्बों में करीब 225 लीटर डीजल, डीजल निकालने का पाइप व इंस्ट्रूमेंट, डीजल भरने एवं निकालने की दो बड़ी चुंगियां तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद की।
पूछताछ में आरोपी नीलेश उर्फ अंकू जैन द्वारा डीजल चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस जांच में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।अन्य डीजल चोरी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है
पुलिस के मुताबिक आरोपी के पूर्व में भी डीजल चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहने की जानकारी सामने आई है। आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर जिले में हुई अन्य डीजल चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जाएगी। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान डीजल चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उनि राजेश कुमार दुबे, सउनि शशिभूषण सिंह, सउनि सतीश भगत, प्रधान आरक्षक पंकज त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक राजेश चौधरी, आरक्षक संजय यादव, आरक्षक सौरव कुमार, आरक्षक चन्द्रकमल पाण्डेय तथा साइबर सेल कटनी के आरक्षक अजय साकेत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





No comments:
Post a Comment