तेज खबर न्यूज़ कटनी :— निगम प्रशासन द्वारा शहर में स्वच्छता एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने हेतु निरंतर जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में इस रविवार 3 मई को भी प्रातः 7:00 बजे से 8:30 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय वार्ड अंतर्गत बरही रोड स्थित दुबे कालोनी मोड़ से दुर्गा चौक तक मार्ग में “राहगीरी डे” का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना है। निगम प्रशासन का मानना है कि स्वच्छ वातावरण और नियमित शारीरिक गतिविधियां स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। इसी सोच के साथ “राहगीरी डे” को स्वच्छता, फिटनेस एवं सामाजिक सहभागिता के साझा मंच के रूप में विकसित किया गया है।
आयोजित होगी विविध मनोरंजक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियां
कार्यक्रम के दौरान योग, जुंबा, म्यूजिकल चेयर, गिटार एवं संगीत कार्यक्रम, ड्राइंग-पेंटिंग प्रतियोगिता, रस्सा कशी, चम्मच-नींबू दौड़, लंगड़ी, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, स्केटिंग एवं साइकिल रेस जैसी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त नुक्कड़ नाटक, रंगोली, संगीत एवं नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जन जागरूकता का संदेश प्रसारित किया जाएगा। हॉर्स राइडिंग जैसी आकर्षक गतिविधियां भी आयोजन का विशेष केंद्र रहेंगी। नागरिकों को तनाव मुक्त रखने हेतु खुले आसमान के नीचे आयोजित इस कार्यक्रम में हर आयु वर्ग के लोग इन रोमांचक प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर सकेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न जागरूकता स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से नागरिकों को स्वच्छ आदतें अपनाने, प्लास्टिक उपयोग में कमी लाने तथा दैनिक जीवन में फिटनेस एवं अनुशासित दिनचर्या को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जनभागीदारी से ही बनेगा स्वच्छ और स्वस्थ शहर
नगर निगम प्रशासन का उद्देश्य केवल मनोरंजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिकों को यह संदेश देना है कि नियमित व्यायाम, स्वच्छ परिवेश एवं सक्रिय जीवनशैली जैसी छोटी-छोटी सकारात्मक आदतें बेहतर स्वास्थ्य और रोगमुक्त जीवन की कुंजी हैं। “राहगीरी डे” के माध्यम से इन्हीं आदतों को सामूहिक रूप से अपनाने की प्रेरणा दी जाएगी। निगम प्रशासन का मानना है कि जब नागरिक स्वयं स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाते हैं, तभी शहर वास्तव में स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनता है।
निगम प्रशासन की अपील
निगम प्रशासन द्वारा नगर के सम्माननीय जनप्रतिनिधियों, पार्षदों, छात्र-छात्राओं, गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाकर स्वच्छ एवं स्वस्थ कटनी के निर्माण में अपना योगदान दें।
नगर निगम कटनी की यह पहल न केवल स्वच्छता अभियान को नई गति प्रदान करेगी, बल्कि शहर में स्वास्थ्य, जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता की सकारात्मक संस्कृति विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।





No comments:
Post a Comment