तेज खबर न्यूज़ कटनी :– स्वच्छ सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों के अनुरूप शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अब जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा जमीनी स्तर पर सतत मॉनिटरिंग प्रारंभ कर दी गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देशानुसार शनिवार प्रातः जिला स्तरीय अधिकारियों ने विभिन्न वार्डों एवं सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन एवं जल निकासी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों के तहत अधिकारियों ने वार्डों में नियमित सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, नालों की सफाई, सार्वजनिक शौचालय एवं यूरिनल की स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान आमजन एवं व्यवसायियों से संवाद कर स्वच्छता बनाए रखने, डस्टबिन का उपयोग करने तथा नगर को स्वच्छ रखने में सहभागिता निभाने की अपील भी की गई।
सहायक कलेक्टर श्लोक वाईकर ने बी. डी. अग्रवाल वार्ड का निरीक्षण कर मुख्य मार्गों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था एवं कचरा संग्रहण वाहनों की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने साधुराम स्कूल एवं अहिंसा तिराहे स्थित यूरिनल की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा देश भंडार के पास स्थित नाले की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में तहसीलदार नेहा जैन द्वारा बिरसा मुंडा वार्ड, कटनी ग्रामीण के अतुलेश सिंह द्वारा जालपा वार्ड, नायब तहसीलदार साक्षी शुक्ला द्वारा बस स्टैंड परिसर, श्रम अधिकारी के. बी. मिश्रा द्वारा राहुल बाग क्षेत्र एवं लोक निर्माण विभाग के अनुविभागीय अधिकारी मनसा सिंह द्वारा वार्ड क्रमांक 14 की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। वहीं एस.डी.ओ. संतोष मंगलानी सहित अन्य जिला अधिकारियों ने भी विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम के नोडल अधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी उपस्थित रही। जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर किए जा रहे यह सतत निरीक्षण एवं मॉनिटरिंग प्रयास शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं जनसहभागिता आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही हैं।





No comments:
Post a Comment